Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-16

Jamshedpur Crime News: अजय श्रीवास्तव हत्या कांड का खुलासा, अपमान बना मौत की वजह, दो गिरफ्तार

Jamshedpur Crime News: टेल्को थाना क्षेत्र में गला काटकर की गई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों सिद्धार्थ कुमार और राहुल कुमार सिंह उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े पैसों के विवाद और लगातार हुए अपमान के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, नकद राशि, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

यह घटना टेल्को थाना क्षेत्र में रामकिशन मिशन स्कूल के पीछे बाउंड्री वाल की ओर स्थित क्वार्टर संख्या L4 29 के बगल खाली स्थान में हुई थी. मृतक अजय श्रीवास्तव छोटा गोविन्दपुर का निवासी था. जिसकी 13 जनवरी की रात उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई थी.

विशेष टीम का गठन और कार्रवाई
घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का उद्भेदन कर दिया.

गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया. इनके पास से एक चाकू, स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर JH D5BM 4043, मृतक से छीनी गई 11580 रुपये नकद राशि, रेडमी मोबाइल फोन, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना के समय पहना गया जैकेट बरामद किया गया.

हत्या की वजह और अपमान का विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अजय श्रीवास्तव ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री में शामिल था और सिद्धार्थ कुमार उसका सहयोग करता था. दोनों के बीच कुछ दिन पहले पैसों को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान मृतक ने सिद्धार्थ की चांदी की चेन भी ले ली थी. चेन मांगने पर अजय श्रीवास्तव ने सिद्धार्थ को मां बहन की गाली गलौज दी थी. इससे पहले सिद्धार्थ की मां ने भी उसे फटकार लगाते हुए कहा था “थू है तेरी जैसी नशेड़ी औलाद पर” और घर से निकाल दिया था. इन घटनाओं से सिद्धार्थ के मन में गहरा आक्रोश भर गया था.

राहुल उर्फ चीकू को किया गया अपमान
जांच में यह भी सामने आया कि नशापान के दौरान अजय श्रीवास्तव ने राहुल कुमार सिंह उर्फ चीकू को दोस्तों के सामने अपमानित करते हुए कहा था “जब खर्चा करने की औकात नहीं है तो क्यों पीने खाने आ जाते हो, तुम्हारा बाप कमा कर रख दिया है या मां कमा कर रख दी है”. इस अपमान से राहुल खुद को बेहद बेइज्जत महसूस कर रहा था. बाद में जब सिद्धार्थ ने अजय को मारने की योजना बताई तो राहुल उर्फ चीकू भी उसमें शामिल हो गया.

विवाद अंततः हत्या में बदल गया
यह मामला दिखाता है कि नशे के अवैध कारोबार, पैसों का लालच और लगातार किया गया अपमान किस तरह युवाओं को हिंसा की राह पर ले जाता है. शब्दों से शुरू हुआ विवाद अंततः हत्या में बदल गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला सुलझ गया, लेकिन यह घटना समाज में बढ़ते नशे और उससे जुड़ी अपराध प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !