Jamshedpur News: बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया पंचायत अंतर्गत मांगड़ोसोल गांव में इन दिनों जंगली हाथियों का डर बना हुआ है. गुरुवार देर रात दो हाथी गांव की सीमा में घुस आए और भारी नुकसान कर गए. हाथियों ने किसानों की करीब दो एकड़ धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया
किसानों को परेशानी
इस घटना से किसान काफी परेशान और हताश हैं, क्योंकि फसल ही उनकी आमदनी का मुख्य साधन थी. हाथियों के गांव में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया. हाथियों को भगाने के लिए वन विभाग के 14 कर्मियों के साथ 20 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के सदस्य मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से अभियान चलाया गया.
रात के समय गांव और आसपास का इलाका किसी युद्ध क्षेत्र जैसा नजर आ रहा था. ग्रामीण और वनकर्मी हाथों में मशाल लेकर, पटाखों की आवाज से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश करते रहे. अपनी जान जोखिम में डालकर वनकर्मी हाथियों को आबादी से दूर ले जाने में जुटे रहे.
हाथियों के खतरे को देखते हुए वन विभाग ने गांव में अलर्ट जारी कर दिया है. व्हाट्सएप ग्रुप और लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है. ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे उन रास्तों पर न जाएं, जहां हाथियों की मौजूदगी की आशंका है.