Jamshedpur: आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आज जुगसलाई नगर पालिका स्थित पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने किया। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सौरभ राहुल सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने घोषणा की कि पार्टी आगामी मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि आजसू पार्टी मानगो में मेयर एवं उपमेयर पद के साथ-साथ जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
शीघ्र ही उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा
रामचंद्र सहिस ने कहा कि मानगो और जुगसलाई की जनता आज मूलभूत सुविधाओं की कमी, भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से त्रस्त है। आजसू पार्टी स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता को एक मजबूत, ईमानदार एवं जवाबदेह नेतृत्व देने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तैयारी पूरी कर ली गई है और शीघ्र ही उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जलापूर्ति, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार तथा गरीबों के अधिकार जैसे मुद्दे पार्टी की प्राथमिकता में रहेंगे। आजसू पार्टी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।
रामचंद्र सहिस ने दावा किया कि पार्टी को स्थानीय लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले निकाय चुनावों में आजसू पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
तीसरे मताधिकार के प्रयोग से क्षेत्र को मिलेगी मजबूती - कन्हैया सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि तीसरे मताधिकार (नगर निकाय चुनाव) का यह अवसर आजसू पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, तो यह न केवल क्षेत्र को मजबूती देगा बल्कि आजसू पार्टी को जनता की सशक्त आवाज बनने का अवसर भी प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार केवल वोट डालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के हक, अधिकार और समस्याओं को मजबूती से उठाने का माध्यम है। तीसरे मताधिकार के सही उपयोग से ऐसे जनप्रतिनिधि चुने जा सकते हैं जो वास्तव में जनता की पीड़ा, जरूरत और आकांक्षाओं को समझते हों।
कन्हैया सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करें और आजसू पार्टी की नीतियों, संघर्षों और जनहित के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से आजसू पार्टी क्षेत्र में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी और लोकतांत्रिक मंच पर जनता की आवाज को मजबूती से रखेगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग
बैठक में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित संजय सिंह, अप्पू तिवारी, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, अरूप मल्लिक, मंटू शुक्ला, सचिन प्रसाद, मदन मोहन मिश्रा, आकाश सिन्हा, सौरभ राहुल सिंह, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सरफराज खान, निकू सिंह, सुधीर सिंह, मुन्ना खान, अमित मदने, सुजल कुमार, शिवम कुमार, रक्तिम कुमार समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।