Jamshedpur News: ओलिडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ के सर्वोदय पथ इलाके में साधु के भेष में आए तीन व्यक्तियों द्वारा ठगी का मामला सामने आया है. पीड़िता कंचन देवी के अनुसार तीनों उनके घर पहुंचे और भिक्षा की मांग की. बातचीत के दौरान उन्होंने धार्मिक बातें करते हुए जमीन से प्रतिमा बनाने का दावा किया, जिससे महिला भरोसे में आ गई. इसके बाद उन साधुओं ने एक प्रतिमा दिया.
बहाने से महिला की सोने की चेन मांगी
महिला ने बताया कि साधुओं ने कहा कि इस प्रतिमा को वह सोने की चेन के साथ पहने. इसी बहाने उन्होंने महिला से सोने की चेन मांगी. चेन को कागज की पोटली में रखकर उसे महिला को सौंप दिया गया. जिसके बाद महिला ने बच्चे को स्कूल से लाने के बाद चेन पहनने की बात कही.
पोटली खोलने पर निकले रुद्राक्ष
जब महिला अपने बच्चे को स्कूल से लाने के बाद पोटली खोलने लगी तो वह हैरान रह गई. पोटली के अंदर सोने की चेन की जगह केवल तीन रुद्राक्ष और प्रतिमा थी. इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ. तब तक तीनों साधू वहां से जा चुके थे. घटना के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी स्थानीय लोगों को दी और ओलिडीह थाना को सूचित किया. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है ताकि ठगों की पहचान की जा सके.
धार्मिक आस्था और विश्वास को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि धार्मिक आस्था और विश्वास को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं. साधु या भिक्षुक के भेष में लोगों को झांसे में लेकर की जा रही ऐसी घटनाएं आम लोगों के लिए चेतावनी हैं. जरूरत है कि लोग सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति को अपने कीमती सामान सौंपने से पहले सावधानी बरतें.