Jamshedpur News: जमशेदपुर में जिला प्रशासन के सहयोग से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी के लिए चलाए जा रहे पुस्तक दान अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है. अभियान के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुस्तकें दान कीं. दो दिनों में अब तक कुल 372 किताबें लाइब्रेरी को मिल चुकी हैं.
दान में अलग अलग प्रकार के अनेको पुस्तकें
दान में मिली किताबों में पढ़ाई से जुड़ी पुस्तकें, साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की किताबें, बच्चों की किताबें और सामान्य ज्ञान की पुस्तकें शामिल हैं. इससे डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी और अधिक उपयोगी व समृद्ध बनेगी.
सबसे अधिक पुस्तकें दान करने वालों में मंजू खंडेलवाल ने 150, बन्नी गुप्ता ने 95 और सम्राट चक्रवर्ती ने 45 पुस्तकें दी हैं. इसके अलावा अन्नी अमृता ने 35, मंचंद अग्रवाल ने 15, डॉ. शाहीर पाल ने 14, विकास श्रीवास्तव ने 10, कर्ण सत्यार्थी ने 7 और श्री भोगला सोरेन ने 1 पुस्तक दान की है.
आयोजकों ने बताया कि सभी पुस्तकों को विषय के अनुसार छांटकर जल्द ही पाठकों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने सभी दानदाताओं का धन्यवाद करते हुए लोगों से आगे भी इस अभियान से जुड़ने और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने की अपील की है.