Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-20

Jamshedpur News: व्यावसायिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, डिमना लेक के होटल में व्यापारी से हुई मारपीट, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Jamshedpur: बोड़ाम थाना क्षेत्र में डिमना लेक के पास स्थित गेरुआ बस्ती के लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में एक गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता के पटोली थाना क्षेत्र के निवासी व्यापारी संतोष गिरी के साथ होटल परिसर में मारपीट की गई। इस घटना के बाद संतोष गिरी ने बोड़ाम थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने संजीत गिरी और आशुतोष गिरी सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों संजीत गिरी और आशुतोष गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि संजीत गिरी बिहार के वैशाली जिले के यूसुफपुर के रहने वाले हैं, जबकि आशुतोष गिरी इसी जिले के भगवानपुर के निवासी हैं। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, दोनों के बीच संतोष गिरी से पहले से ही व्यावसायिक विवाद चल रहा था।

संजीत गिरी ने किया दावा
संजीत गिरी का दावा है कि संतोष गिरी उन पर लाखों रुपये बकाया हैं, जो उन्होंने लंबे समय से वापस नहीं किए हैं। आरोपियों के अनुसार, यही बकाया राशि पाने के लिए वे बोड़ाम पहुंचे थे।

मारपीट होने की वजह 
होटल परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और संतोष गिरी से रुपये वापस करने की मांग को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई। संतोष गिरी ने इस आरोप को पूरी तरह से खारिज किया है और कहा है कि उन पर कोई भी कर्ज नहीं है और उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। फिलहाल संतोष गिरी उसी लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में रह रहे हैं।

आर्थिक विवाद के कारण आई यह घटना सामने 
पुलिस के अनुसार, संजीत गिरी और संतोष गिरी का आपसी विवाद होटल और रिसॉर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। दोनों ने कोलकाता में एक रिसॉर्ट को साझेदारी में चलाया था, और इसी साझेदारी से जुड़े आर्थिक विवाद के कारण यह घटना सामने आई।

जल्द बाकी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा 
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की है, जिसमें संजीत और आशुतोष ने अपनी भूमिका को स्वीकार कर लिया है। इसके अलावा, अन्य आरोपियों में एक वाहन चालक, एक मोबाइल नंबर धारक और एक अज्ञात युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।

स्थानीय लोग इस मारपीट से काफी सहमे
इस घटना के कारण इलाके में अफरातफरी मच गई थी और स्थानीय लोग इस मारपीट से काफी सहमे हुए हैं। पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण कर रही है और सुरक्षा के अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोका जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !