Jamshedpur News: जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के सभागार में 20 जनवरी को गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर एक जरूरी बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी ने की. इसमें शहर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और अतिक्रमण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सभी वार्ड सुपरवाइजर और डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
वार्ड में रहकर निगरानी के निर्देश
कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने वार्ड में नियमित रूप से मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था पर नजर रखें. उन्होंने कहा कि स्वच्छता नगर परिषद की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. साथ ही वार्डों का नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का तुरंत समाधान करने को कहा गया.
कचरा संग्रह एजेंसी को व्यवस्था सुधारने की हिदायत
डोर-टू-डोर कचरा संग्रह करने वाली एजेंसी को अपने कामकाज में सुधार लाने के निर्देश दिए गए. एजेंसी से कहा गया कि कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए और कार्य की नियमित रिपोर्ट नगर परिषद को सौंपी जाए.
अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई का फैसला
बैठक में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाने और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया. कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण से शहर की सुंदरता खराब होती है और लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है, इसलिए इसके खिलाफ सख्ती जरूरी है.
बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के अलावा नगर प्रबंधक, कनिय अभियंता, सफाई पर्यवेक्षक और आदित्यपुर क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट एजेंसी के प्रतिनिधि भी शामिल हुए