Chakradharpur: चक्रधरपुर रेल मंडल अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जाएगा। यह ऑपरेशन थिएटर नवीनतम मेडिकल तकनीकों से लैस होगा, जिसमें इंफेक्शन कंट्रोल सिस्टम, उच्च गुणवत्ता के सर्जिकल उपकरण और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संरचना शामिल होगी। इससे सर्जरी के दौरान मरीजों की सुरक्षा और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
भवन को पूरी तरह से आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा
नए ऑपरेशन थिएटर में पर्याप्त और समुचित रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जाएगा। भवन को पूरी तरह से आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा ताकि मरीजों और चिकित्साकर्मियों दोनों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
रेलवे बोर्ड से मिली स्वीकृति
इसके अलावा अस्पताल में डिजिटल सिटी स्कैन (CT Scan) की अत्याधुनिक सुविधा भी शुरू की जाएगी। इस योजना को रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिल चुकी है। डिजिटल सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होने से न केवल रेलकर्मियों बल्कि शहरवासियों को भी बेहतर जांच और इलाज के लिए बाहर के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी
वहीं, रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक का संचालन अब एक निजी एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रेलवे व संबंधित एजेंसी के बीच आपसी सहमति बन चुकी है। ब्लड बैंक से जुड़ी सभी कागजी और तकनीकी प्रक्रियाओं की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी। इससे मरीजों को समय पर और आसानी से रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित
ब्लड बैंक के सुचारू संचालन के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इन सभी सुविधाओं के शुरू होने से चक्रधरपुर रेल मंडल अस्पताल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभरेगा, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।