Chakulia News: चाकूलिया के डाक बंगला परिसर में शुक्रवार, 23 जनवरी से नौ दिनों तक आयोजित होने वाला नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव शुरू होने जा रहा है. इस आयोजन का संचालन नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है. मेले की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है.
दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम
गुरुवार को स्थानीय विधायक और सोसाइटी के मुख्य संरक्षक समीर कुमार मोहंती ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि मेले के दौरान लगातार नौ दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उद्घाटन दिवस शुक्रवार को सुबह 11 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके बाद कृषि और हस्तकला से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी. दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी.
शाम 6 बजे मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. गंज महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बांग्ला फिल्म अभिनेत्री नुसरत जहां शामिल होंगी.
मेले को सफल बनाने के लिए सोसाइटी के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. विधायक समीर कुमार मोहंती ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है.