Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों प्रशिक्षण गतिविधियों श्रमिक पंजीकरण प्लेसमेंट और स्वरोजगार से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के औद्योगिक और सेवा क्षेत्र के संस्थानों से प्राप्त रिक्त पदों की मांग और अनुशंसा के अनुरूप ही प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्थानीय युवा उन्हीं ट्रेड और सेक्टर में प्रशिक्षण प्राप्त करें जहां रोजगार की वास्तविक संभावना हो और उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा सके.
उन्होंने विभागीय योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त करने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने का भी निर्देश दिया. साथ ही छूटे हुए श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें.
उपायुक्त ने कहा कि कुशल मानव संसाधन जिले के समग्र और सतत विकास की मजबूत नींव है. उन्होंने संबंधित विभागों से अपेक्षा जताई कि जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस और सकारात्मक पहल की जाए.