Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-26

Jharkhand News: लंदन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया अंबेडकर को नमन, कहा - जीवन का भावुक और गर्व से भरा अनुभव

Jharkhand News: दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों यूके के दौरे पर हैं. लंदन प्रवास के दौरान 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के लंदन स्थित निवास स्थल का दौरा किया. मुख्यमंत्री ने इस पल को अपने जीवन का भावुक और गर्व से भरा अनुभव बताया.

अंबेडकर को नमन और प्रेरणा का संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को नमन करते हुए वह उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि समावेशी और समानतामूलक समाज की जो परिकल्पना अंबेडकर ने की थी वही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी.

संविधान केवल किताब नहीं, अस्तित्व की आवाज
अपने एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक ग्रंथ नहीं है बल्कि यह देश के नागरिकों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की सबसे सशक्त आवाज है. उन्होंने कहा कि संविधान ही शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों को न्याय और समान अवसर के साथ जीवन जीने का आधार देता है.

लोकतंत्र की आत्मा हैं संवैधानिक मूल्य
हेमंत सोरेन ने कहा कि न्याय, समता, समानता और भाईचारे के मूल्य भारतीय लोकतंत्र की असली आत्मा हैं. यही मूल्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ने का काम करते हैं और सामाजिक संतुलन बनाए रखते हैं. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन्हीं संवैधानिक मूल्यों के सहारे 25 वर्ष का युवा झारखंड आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और संविधान की भावना के साथ राज्य को आगे बढ़ाया जाएगा. गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश और राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने जय संविधान और जय भीम का संदेश देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व को सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प के साथ मनाने का आह्वान किया.

लंदन में अंबेडकर के निवास स्थल पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी प्रतीकात्मक रूप से संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. गणतंत्र दिवस जैसे अवसर पर यह संदेश न सिर्फ राजनीतिक बल्कि सामाजिक रूप से भी महत्वपूर्ण है. यह दौरा झारखंड सरकार की उस सोच को रेखांकित करता है जिसमें विकास के साथ सामाजिक न्याय और समानता को केंद्र में रखा गया है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !