Jamshedpur Big News: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह में मंगलवार सुबह ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां दो युवक एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर पहुंचे और खुद को पीतल का बर्तन साफ करने वाला बताकर घर में प्रवेश कर गए. उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसा पाउडर है जिससे पीतल ही नहीं बल्कि सोना और चांदी भी चमक उठती है.
घंटी से अंगूठी तक, धीरे-धीरे जाल में फंसती गई महिला
युवकों की बातों में आकर बुजुर्ग महिला ने पहले एक घंटी और कटोरे में पानी दिया. युवकों ने घंटी साफ कर दिखाई और फिर सोना-चांदी साफ होने का भरोसा दिलाया. इसके बाद महिला ने अपनी अंगूठी उतार कर दे दी. युवक ने अंगूठी को पाउडर की पुड़िया में रखा और सफाई की प्रक्रिया बताने लगा.
जबरन चेन उतारी, सफाई के नाम पर सभी गहने समेटे
इसके बाद युवक ने सोना साफ करने का हवाला देते हुए महिला के गले से मोटी सोने की चेन उतार ली, जिसमें लॉकेट भी लगा था. अंगूठी और चेन दोनों को एक साथ साफ करने की बात कहकर उन्हें पुड़िया में डाल दिया गया. महिला को कहा गया कि दस मिनट बाद पुड़िया खोली जाए.
पुड़िया की अदला-बदली और चकमा देकर फरार
इसी दौरान दूसरे युवक ने चालाकी से असली पुड़िया की जगह दूसरी पुड़िया रख दी. आभूषणों से भरी पुड़िया अपने पास रखकर दोनों युवक वहां से निकल गए. जब महिला को ठगी का अंदेशा हुआ तब तक दोनों फरार हो चुके थे. बताया जा रहा है कि लगभग साढ़े 4 लाख रुपए की ठगी की गई है.
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि ठग किस तरह विश्वास और लालच का फायदा उठाकर खासतौर पर बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं. घर पर आकर सफाई या चमत्कारी उपायों का दावा करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है. ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना और आसपास के लोगों को जागरूक करना ही ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है.