Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Pakur Accident: पाकुड़ में निजी स्कूल बस की चपेट में आने से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग किया जाम

Pakur: पाकुड़ जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक निजी स्कूल बस (डीपीएस) की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी माहौल बन गया है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

मृत युवक की पहचान 
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर (महुआडांगा) निवासी मृदुल चंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृदुल अपने वृद्ध माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा भी वही था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। 


प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
इस घटना के विरोध में ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। बाजार की अधिकांश दुकानें बंद कर दी गई और प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और दोषी बस चालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

सड़क जाम के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त
सड़क जाम के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। विशेष रूप से पाकुड़ स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोटो, ऑटो और अन्य निजी वाहनों का परिचालन ठप हो जाने से यात्री अपने सामान के साथ पैदल चलने को मजबूर हैं। कई यात्रियों की ट्रेन छूटने की आशंका भी बनी हुई है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस मौके पर पहुंची 
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना की पुलिस और अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद अंचलाधिकारी और पुलिस बल आक्रोशित भीड़ को शांत कराने और सड़क से जाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को आश्वासन दिया गया है कि दोषियों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !