Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गिरिडीह जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा संकेत दिया है. उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. मंत्री ने घोषणा की कि पीरटांड़ प्रखंड के खरपोका में नए अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा.
मेडिकल कॉलेज के बाद अस्पताल की घोषणा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गिरिडीह को पहले ही मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जा चुकी है. अब इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देने पर फोकस किया जा रहा है. खरपोका में अस्पताल खुलने से आसपास के इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और जिला स्तर पर इलाज की सुविधा और सुदृढ़ होगी.
दरअसल डॉ. इरफान अंसारी सोमवार को पीरटांड़ के खरपोका पहुंचे थे. यहां वे मस्जिद निर्माण कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मंत्री ने मदरसा का भी दौरा किया और बच्चों से बातचीत की.
समाज को डर नहीं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा
मदरसा में बच्चों से संवाद करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि समाज को डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि आज जरूरत संख्या की नहीं बल्कि गुणवत्ता की है. विकास की प्रक्रिया में सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ वे मजबूती से खड़े रहेंगे.
अस्पतालों को बनाया जा रहा आधुनिक और व्यवस्थित
स्वास्थ्य व्यवस्था पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि गिरिडीह जिले के अस्पतालों को सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक रूप दिया जा रहा है. योग्य चिकित्सकों की तैनाती की प्रक्रिया भी चल रही है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले जिले के विकास को लेकर कोई ठोस विजन नहीं था, लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने से स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान होगा.
मधुपुर की घटना पर भी दी प्रतिक्रिया
मधुपुर के लालगढ़ में हाल में हुई घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह दो भाइयों के बीच का आपसी विवाद था, जिसे सुलझा लिया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि समाज में अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और कानून से कोई भी ऊपर नहीं है.
स्वास्थ्य मंत्री के बयान से साफ है कि गिरिडीह जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सरकार प्राथमिकता दे रही है. मेडिकल कॉलेज के बाद नए अस्पताल की घोषणा ग्रामीण इलाकों के लिए अहम मानी जा रही है.