Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Jamshedpur Accident: टेल्को में भीषण सड़क हादसा, ट्रक व ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल

Jamshedpur: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मगदम छठ घाट के समीप मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे तीनों यात्री बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और बिना देरी किए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।

तीनों घायलों का इलाज जारी 
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधी टक्कर मार दी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन की गति नियंत्रित होती, तो शायद यह हादसा टल सकता था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद उक्त मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

कई बार शिकायत के बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं 
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कई बार शिकायत के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

लोगों ने प्रशासन से की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनियंत्रित वाहन, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमित निगरानी की कमी के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। मंगलवार का यह हादसा भी उसी समस्या का नतीजा बताया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सख्त कदम उठाए जाएं और इस क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !