Latehar: लातेहार जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हाथी के दांत की तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सचिन कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत बारेसांड़ का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी के पास से हाथी के दो कीमती दांत बरामद किए गए हैं, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को सूचना मिली थी कि पलामू टाइगर रिजर्व के सुरकुमी इलाके में कुछ तस्कर सक्रिय हैं और हाथी दांत की अवैध खरीद-फरोख्त की योजना बना रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए ब्यूरो और पलामू टाइगर रिजर्व की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।
एक आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान गारू थाना क्षेत्र के मिर्चियां गांव के समीप वन विभाग की टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को आते हुए देखा। जैसे ही आरोपी की नजर टीम पर पड़ी, उसने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हाथी के दो बड़े दांत बरामद किए गए, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले की गहन जांच जारी
इस मामले में पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष ने बताया कि हाथी दांत के साथ एक तस्कर को पकड़ा गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जंगल और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।