Jamshedpur: जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआइ के ह्यूमन पोटेंशियल सेंटर सामर्थ्य द्वारा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम "दिशा 2026" के 13वें संस्करण का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के स्कूली विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए व्यापक करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए।
कुल 680 से अधिक पंजीकरण हुए
कार्यक्रम में कुल 680 से अधिक पंजीकरण हुए, जबकि 550 से ज्यादा विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने मेले में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। इस आयोजन में जमशेदपुर एवं आसपास के 40 से अधिक स्कूलों की सहभागिता रही। इनमें चिन्मया विद्यालय, डीएवी, लोयोला स्कूल, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, काशीडीह हाई स्कूल, डीबीएमएस सहित कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
35 से अधिक करियर गाइडेंस स्टॉल लगे
"दिशा 2026" में 35 से अधिक करियर गाइडेंस स्टॉल लगाए गए थे, जहां विद्यार्थियों को मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, सशस्त्र बल, डेटा एनालिटिक्स, सोशल साइंसेज, क्रिएटिव आर्ट्स, खेल और सिविल सर्विसेज जैसे विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई।
230 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका रही
कार्यक्रम को सफल बनाने में एक्सएलआरआइ के 230 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन का मुख्य आकर्षण एक्सएलआरआइ के प्रोफेसर डॉ. गिरिधर रामचंद्रन का प्रेरणादायक संबोधन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को करियर चयन के दौरान आत्म-ज्ञान, बदलते समय के अनुसार स्वयं को ढालने और दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सामर्थ्य द्वारा वर्ष भर इस तरह की पहलें आयोजित
सामर्थ्य द्वारा वर्ष भर इस तरह की पहलें आयोजित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की क्षमताओं की पहचान कर उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है।