Ranchi News: रांची में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस संबंध में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकल मुक्त कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी परीक्षा केंद्रों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा.
परीक्षा की तिथि
JAC बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू होकर 23 फरवरी 2026 तक चलेंगी.
परीक्षा का समय
• मैट्रिक परीक्षा: सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
• इंटरमीडिएट परीक्षा: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
छात्रों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जबकि प्रश्न-पत्र बांटने के लिए 5 मिनट का अलग समय रखा गया है.
परीक्षा केंद्र और छात्र संख्या
• मैट्रिक: रांची जिले में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 32,723 छात्र परीक्षा देंगे.
• इंटरमीडिएट: जिले में 52 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 32,243 छात्र शामिल होंगे.
प्रशासन की अपील
उपायुक्त ने अधिकारियों, स्कूल-कॉलेज प्रबंधन और छात्रों से अपील की है कि परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.