Dhanbad: कोयलांचल के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ झामुमो नेता मदन राम पर अपने ही चचेरे भाई समेत तीन युवकों को जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगा है। इस हमले में तीनों युवक बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद और वारदात की कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना डिगवाडीह स्थित एक पान दुकान के पास हुई। बताया जा रहा है कि मदन राम और उनके चचेरे भाई उत्सव राम के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए मदन राम ने दुकान में रखे पेट्रोल को उत्सव राम, विवेक राम और विनायक गुप्ता पर डाल दिया और माचिस मार दी। आग की लपटों में घिरे युवकों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
घायलों की स्थिति और पुलिसिया कार्रवाई
घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उत्सव राम की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। बुधवार को जोड़ापोखर पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पीड़ित पक्ष का आरोप, परिवार का कहना है कि मदन राम राजनीतिक रसूख के कारण पहले भी कई बार जानलेवा हमले की कोशिश कर चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
जोड़ापोखर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। सत्ताधारी दल से जुड़े नेता का नाम सामने आने के बाद पुलिस पर भी त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।