New Rules2026: नए महीने की दस्तक के साथ ही देशभर में आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई नियम और कीमतें बदलने जा रही हैं। 1 फरवरी 2026 से ऐसे कई अहम बदलाव लागू होंगे, जिनका असर सीधे आपकी रसोई के खर्च, यात्रा की लागत और रोजमर्रा की जेब पर देखने को मिलेगा। गैस सिलेंडर के दाम हों या हवाई सफर का किराया, तंबाकू उत्पादों की कीमतें हों या FASTag से जुड़े नियम हर बदलाव आम आदमी को प्रभावित करेगा।
बजट के दिन ही लागू हो रहे ये फैसले कहीं राहत देंगे तो कहीं खर्च का बोझ बढ़ा सकते हैं। ऐसे में फरवरी की शुरुआत सिर्फ कैलेंडर बदलने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह आम जनता के लिए कई नई आर्थिक चुनौतियों और संभावनाओं का संकेत भी होगी। आइए जानते हैं वे पांच बड़े बदलाव, जो 1 फरवरी से हर घर और हर जेब को सीधे तौर पर प्रभावित करेंगे।
रसोई के बजट पर फिर पड़ेगी नजर
हर महीने की तरह इस बार भी 1 फरवरी 2026 को तेल विपणन कंपनियां (OMCs) एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी करेंगी। खासतौर पर 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका सीधा असर करोड़ों परिवारों के मासिक रसोई बजट पर पड़ता है।
पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। 1 जनवरी 2026 को राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 14.50 रुपये की कटौती की गई थी, जिसके बाद इसका दाम 1804 रुपये हो गया था। अब उम्मीद की जा रही है कि बजट के दिन घरेलू सिलेंडर की कीमतों में भी संशोधन हो सकता है हालांकि यह राहत देगा या झटका, यह तो 1 फरवरी को ही साफ होगा।
CNG, PNG और ATF की कीमतों में भी बदलाव संभव
एलपीजी के अलावा एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई दरें भी 1 फरवरी से लागू होंगी। ATF की कीमतों में बदलाव का सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ता है। अगर कीमतें बढ़ती हैं तो फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं, जबकि कटौती होने पर यात्रियों को राहत मिल सकती है।
बता दें कि 1 जनवरी को ATF की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की कटौती की गई थी, जिससे एयरलाइंस कंपनियों को कुछ राहत मिली थी। इसके अलावा CNG और PNG की कीमतों में भी संशोधन की संभावना जताई जा रही है। अगर इनमें बढ़ोतरी होती है, तो वाहन चालकों और घरेलू गैस उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
पान-मसाला और सिगरेट के दाम बढ़ने तय
तंबाकू और पान-मसाला का सेवन करने वालों के लिए फरवरी की शुरुआत महंगी साबित हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने GST क्षतिपूर्ति उपकर के स्थान पर नया उत्पाद शुल्क और उपकर अधिसूचित किया है।
नई व्यवस्था के तहत तंबाकू और पान-मसाला पर ये शुल्क GST के अलावा लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं, पान-मसाला पर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर भी लगाया जाएगा। इसका सीधा मतलब है कि आने वाले दिनों में सिगरेट, गुटखा और पान-मसाला की कीमतों में बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।
FASTag यूजर्स को मिलेगी राहत
हाईवे पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर भी है। 1 फरवरी 2026 से FASTag से जुड़े नियमों में बदलाव किया जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कार, जीप और वैन के लिए FASTag जारी करते समय KYC वेरिफिकेशन प्रक्रिया को आसान करने का फैसला किया है।
इस बदलाव से FASTag से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक झंझट कम होने की उम्मीद है, जिससे टोल प्लाजा पर यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सकता है।
बैंक से जुड़ा काम है? पहले देख लें छुट्टियों की लिस्ट
फरवरी महीने की शुरुआत बैंक छुट्टियों के साथ हो रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की बैंक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, साप्ताहिक अवकाश और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर फरवरी में करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे।
ऐसे में जिन लोगों को बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने हैं, उन्हें सलाह दी जा रही है कि वे पहले से योजना बनाकर ही काम करें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
यह बदलवा से होगा लोगो पर गहरा असर
1 फरवरी 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव आम लोगों की दैनिक जरूरतों, खर्च और सेवाओं पर गहरा असर डाल सकते हैं। कहीं राहत मिलेगी तो कहीं जेब पर दबाव बढ़ेगा। ऐसे में नए महीने की शुरुआत से पहले इन बदलावों को समझना और अपनी योजना तैयार करना हर किसी के लिए जरूरी हो गया है।