Saraikela : जिले में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस द्वारा अपराध निरोधक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर सरायकेला थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर संचालित किया गया।

अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया तथा थाना प्रभारी विनय कुमार ने किया। इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों के वैध दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी।
तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान एहतियातन चलाया जा रहा है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोका जा सके।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध निरोधक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जांच के दौरान सहयोग करें और अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, जिससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।