Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ उद्योगपति कैरव गांधी के अपहरण मामले में शामिल अपराधियों को हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान हुई, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बिहार के रहने वाले हैं और अपहरण व अन्य कई संगीन वारदातों में पहले भी शामिल रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान जानकारी मिली थी कि अपहरण के बाद शहर छोड़ने से पहले आरोपियों ने हथियार सोनारी साईं मंदिर के पास झाड़ियों में छिपा दिए थे।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस गुरुवार देर रात तीनों आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची। इसी दौरान गुड्डू सिंह ने अचानक बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड की कारबाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें तीनों अपराधी घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं, साथ ही तीन पिस्तौल भी जब्त की गई हैं।
घायल बदमाशों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों अपराधियों की लंबे समय से तलाश थी और अपहरण व फिरौती के कई मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। साथ ही बिहार और झारखंड में फैले इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है और अपहरण कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।