Jamshedpur Big News: कैरव गांधी अपहरण कांड में साईं मंदिर के पास हुई मुठभेड़ के बाद मौके से देसी कट्टा और गोलियां बरामद की गई हैं. पूरे घटनाक्रम को लेकर आज DGP तादशा मिश्रा प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा कर सकती हैं. इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है.
हथियार की तलाश में लाए गए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार अपहरण कांड में पकड़े गए तीनों बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उन्होंने हथियार साईं मंदिर के पास छिपा रखे हैं. इसी जानकारी के आधार पर गुरुवार देर रात पुलिस उन्हें लेकर मौके पर पहुंची थी.
भागने की कोशिश और फायरिंग
जैसे ही पुलिस टीम साईं मंदिर के पास पहुंची, तीनों बदमाशों ने अचानक भागने की कोशिश की. इसी दौरान उन्होंने थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड की कार्बाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी. पुलिस की ओर से कुल पांच राउंड फायरिंग की गई.
तीनों बदमाशों के पैर में लगी गोली
इस मुठभेड़ में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है. घायल बदमाशों की पहचान गुड्डू सिंह, इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है. तीनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटनास्थल से हथियार बरामद
पुलिस ने साईं मंदिर के पास छिपा कर रखे गए दो देसी कट्टा और गोलियां भी जब्त की गई हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन वारदातों में किया गया था.
बरही से हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि 13 जनवरी 2026 को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया से उद्यमी देवांग गांधी के बेटे कैरव गांधी का अपहरण कर लिया गया था. 27 जनवरी को पुलिस ने हजारीबाग के बरही के पास से कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया था. इसी दौरान तीनों अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया था.
मानगो थाने में चल रही थी पूछताछ
तीनों बदमाशों को मानगो थाने में रखा गया था और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी. पूछताछ के दौरान ही उन्होंने साईं मंदिर के पास हथियार छिपाने की बात कबूल की थी. उसी आधार पर पुलिस उन्हें लेकर वहां पहुंची थी, जहां यह मुठभेड़ हुई.
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब तीनों बदमाशों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और अपहरण की साजिश में किनकी भूमिका रही है.