Ranchi: रांची रेल मंडल में यात्रियों को सुरक्षित उपलब्ध कराने के लिए आरपीएफ के जवान लगातार मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के दिशा-निर्देश में आरपीएफ न सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि उनके खोए हुए सामान को ढूंढकर सही हाथों तक पहुंचाने का भी सराहनीय कार्य कर रही है।
इसी क्रम में आरपीएफ हटिया की टीम ने हाल के दिनों में दो अलग-अलग मामलों में यात्रियों की खोई हुई संपत्ति को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा है, जिसकी यात्रियों और आमजन द्वारा काफी प्रशंसा की जा रही है।
प्लेटफॉर्म पर छूटे ट्रॉली बैग को किया बरामद
पहला मामला 28 जनवरी 2026 का है। रेल मदद पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर आरपीएफ हटिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 15028 के प्लेटफॉर्म संख्या-1 से एक नीले रंग का रोग्न कंपनी का ट्रॉली बैग बरामद किया। यह बैग यात्रा के दौरान प्लेटफॉर्म पर ही छूट गया था। जांच के दौरान बैग में ब्रांडेड कपड़े और जूते पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई। आवश्यक सत्यापन और सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद यह ट्रॉली बैग धनबाद निवासी अभय कुमार चौधरी को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
चोरी हुआ मोबाइल फोन भी मिला वापस
दूसरा मामला 29 जनवरी 2026 का है, जिसमें साइबर सेल और सीईआईआर (CEIR) प्रक्रिया की मदद से एक चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया। यह मोबाइल मोटोरोला G-64 मॉडल का था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई। मोबाइल फोन ट्रेन संख्या 18615 क्रियायोगा एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान मुरी स्टेशन के पास गुम हो गया था। तकनीकी जांच और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल फोन उसके असली मालिक कार्तिक अमन शर्मा को सौंप दिया गया।
आरपीएफ टीम की भूमिका रही अहम
इन दोनों मामलों को सुलझाने में आरपीएफ हटिया की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक रीता कुमारी, उपनिरीक्षक उज्ज्वल कुमार, स्टाफ एम.के. अस्तित्व, उर्मिला देवी और दयामनी तिर्की की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
आरपीएफ द्वारा किए गए इन प्रयासों से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है। रांची रेल मंडल में आरपीएफ की यह तत्परता निस्संदेह अन्य यात्रियों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है कि उनकी यात्रा न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि किसी भी परेशानी की स्थिति में सहायता के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तत्पर है।