Jharkhand News: झारखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की दिशा में निर्वाचन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. ब्लर और कम गुणवत्ता वाली फोटो को लेकर अब किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि ऐसे सभी मामलों का 4 फरवरी तक हर हाल में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
जिलों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा
यह निर्देश निर्वाचन सदन रांची से आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिया गया. बैठक में राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने साफ कहा कि शुद्ध और भरोसेमंद मतदाता सूची ही लोकतंत्र की मजबूत नींव है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बीएलओ ऐप से होगी नई फोटो अपलोड
ब्लर फोटो की समस्या को दूर करने के लिए सभी बीएलओ को बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं की नई फोटो खींचकर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है. विभाग का मानना है कि इससे मतदाता पहचान से जुड़ी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और रिकॉर्ड अधिक सटीक बन सकेगा.
बीएलओ और मतदाता के बीच सीधा संपर्क
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि हर मतदान केंद्र के मतदाताओं को अपने बीएलओ की जानकारी होनी चाहिए और हर बीएलओ को अपने क्षेत्र के मतदाताओं की पूरी जानकारी रखनी चाहिए. इस उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के ECINET प्लेटफॉर्म पर बुक ए कॉल विद योर बीएलओ की सुविधा दी गई है.
शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
इस सुविधा के तहत मतदाताओं से आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही बीएलओ ऐप में मौजूद कॉल बैक फीचर के जरिए मतदाताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है.
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हुए.
फोटो सुधार और तकनीक आधारित संपर्क व्यवस्था से मतदाता सूची की विश्वसनीयता बढ़ेगी. इससे पहचान से जुड़ी गड़बड़ियों में कमी आएगी और आम मतदाता को अपनी समस्या सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का सरल माध्यम मिलेगा. यह पहल चुनावी प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.