Bokaro: बोकारो स्टील सिटी में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां बालीडीह थाना क्षेत्र के पास हुए इस हादसे में एक 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में शामिल तीसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11:45 बजे बालीडीह थाना के समीप घटी। मृतक की पहचान सन्नी कुमार (17) के रूप में हुई है। हादसे में मुन्ना कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। वहीं, बिट्टू कुमार को मामूली चोटें आईं, जिसे इलाज के बाद छोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि सन्नी कुमार, मुन्ना कुमार और बिट्टू कुमार एक ही बाइक (होंडा शाइन) पर सवार थे। तीनों रोज की तरह रात में घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालीडीह थाना के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सन्नी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
समोसा बेचकर करते थे गुज़ारा
मृतक सन्नी कुमार और घायल मुन्ना कुमार थाना मोड़ के पास समोसे की दुकान लगाकर अपना और परिवार का पालन-पोषण करते थे। रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद दोनों ने अपने मित्र बिट्टू कुमार से घर तक छोड़ देने का अनुरोध किया था। बिट्टू उन्हें बाइक से घर छोड़ने निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी और सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े भारी वाहन अक्सर हादसों की वजह बनते हैं। लोगों के मुताबिक, पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
सड़क किनारे खड़े जब्त वाहन बन रहे जानलेवा
स्थानीय नागरिकों ने इस हादसे के लिए सड़क किनारे खड़े जब्त वाहनों को जिम्मेदार ठहराया है। बोकारो समेत जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों से सटे कई थानों के पास जब्त किए गए वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं। ये वाहन जीएसटी, खनन विभाग और परिवहन विभाग द्वारा जब्त किए जाते हैं, जिन्हें बाद में थानों के आसपास ही छोड़ दिया जाता है।
इस अव्यवस्था के कारण न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। स्थानीय पुलिस भी इस समस्या से परेशान है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में वे कुछ कर पाने में असमर्थ नजर आती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जब्त वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल की व्यवस्था की जाए और सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।