Chaibasa News: ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सटे चाईबासा जिले में अवैध लॉटरी और ब्राउन शुगर का कारोबार खुलेआम चल रहा है. बताया जा रहा है कि ये दोनों गैरकानूनी धंधे सुनियोजित तरीके से संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
अवैध लॉटरी और ब्राउन शुगर के कारोबार कार्रवाई की मांग
एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामहरि पेरियार ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने अवैध लॉटरी और ब्राउन शुगर के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की, जिसमें झारखंड पुलिस, चाईबासा पुलिस और चाईबासा के उपायुक्त को टैग किया गया है.
पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि राकेश जायसवाल, मो. अल्ताफ, मो. वसीम और बच्चा बंगाली नाम के लोग चाईबासा और चक्रधरपुर इलाके में अवैध लॉटरी और ब्राउन शुगर का धंधा चला रहे हैं.
बताया जाता है कि राज्य के कई जिलों में इस तरह के अवैध कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहे हैं. कुछ जगहों पर पुलिस कार्रवाई जरूर करती है, लेकिन कुछ समय बाद यह धंधा फिर से शुरू हो जाता है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं.