Palamu: झारखंड के पलामू जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार किया है बल्कि समाज की संवेदनाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने पैसों की लालच में अपनी ही नाबालिग बेटी की शादी एक बुजुर्ग व्यक्ति से करवा दी। यह घटना नावाजयपुर थाना क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है।
मां ने कराई नाबालिक बेटी की झूठ बोलकर शादी
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को यह झूठ बोलकर बहकाया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि सच्चाई यह थी कि पिता जीवित थे और रोजगार के सिलसिले में बाहर मजदूरी कर रहे थे। इसी झूठ के सहारे महिला ने अगस्त 2025 में मेदिनीनगर स्थित चियांकी मंदिर में किशोरी की शादी करा दी।
पीड़िता की हालत कैदी से कम नहीं
शादी के बाद पीड़िता को मेदिनीनगर के ही एक घर में रखा गया, जहां उसकी हालत किसी कैदी से कम नहीं थी। आरोप है कि किशोरी को लंबे समय तक घर में बंद रखा गया, उसे बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाती थी और किसी से बात करने या संपर्क करने पर सख्त पाबंदी थी। मानसिक और शारीरिक रूप से वह लगातार प्रताड़ना झेल रही थी।
पीड़िता ने किया पिता से संपर्क व बताई आपबीती
काफी कोशिशों के बाद किसी तरह पीड़िता अपने पिता से फोन पर संपर्क करने में सफल हुई और उसने पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की हालत सुनते ही पिता तुरंत काम छोड़कर मेदिनीनगर पहुंचे और साहस दिखाते हुए उसे उस अवैध और अमानवीय रिश्ते से बाहर निकालकर अपने साथ ले आए।
पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया
इस दौरान किशोरी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता तथा उसके पिता से विस्तार से पूछताछ की।
नाबालिग को किया गया CWC हवाले
पूछताछ के बाद देर शाम नाबालिग को बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसकी सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच के दायरे में न सिर्फ शादी कराने वाले लोग बल्कि कथित बुजुर्ग व्यक्ति की भूमिका भी शामिल की गई है।
सौतेली मां ने बेचा बेटी को
पीड़िता के पिता ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पहली पत्नी तीन साल पहले घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली और फिलहाल अपने ससुराल में रह रहा है। नाबालिग बेटी उसकी पहली पत्नी से है। कुछ दिन पहले बेटी की मां अचानक गांव लौटी और उसे बहला-फुसलाकर पैसों के बदले बेच दिया। बाद में बेटी ने हिम्मत जुटाकर फोन किया, तब जाकर पूरी सच्चाई सामने आई।
दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
बताया गया है कि पीड़िता सातवीं कक्षा की छात्रा है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच बाल विवाह, अवैध हिरासत और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।