Municipal Elections: नगर निकाय चुनाव के तहत मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में नामांकन वापसी की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है. इसके साथ ही तीनों निकायों में चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची लगभग तय हो गई है.
मानगो नगर निगम में महापौर पद पर कोई बदलाव नहीं
नामांकन वापसी के अंतिम दिन मानगो नगर निगम के महापौर पद से किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया. हालांकि, वार्ड पार्षद पद से छह प्रत्याशियों ने अलग-अलग वार्डों से अपना नामांकन वापस ले लिया है, जिससे कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
जुगसलाई नगर परिषद में बढ़ी चुनावी गर्मी
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद का मुकाबला और तेज हो गया है. भाजपा नेता पप्पू सिंह की पत्नी नीतू सिंह (नूतन सिंह) ने अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस ले लिया है. अब अध्यक्ष पद के लिए रिंकू सिंह, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलुफर हुसैन, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातून और बलबीर कौर सहित कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं.
वहीं, जुगसलाई में वार्ड पार्षद पद से पांच उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया है. इनमें वार्ड संख्या 04 से मधुरेश बाजपेयी, वार्ड संख्या 13 से तरनुम निशा और वार्ड संख्या 16 से पायल कुमार, ध्रुप कुमार रजक और बिजय कुमार रजक शामिल हैं. अब जुगसलाई नगर परिषद में वार्ड सदस्य के लिए 87 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं.
चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर चार उम्मीदवार
चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी अब भी चुनावी मैदान में बने हुए हैं. इनमें संध्या रानी सरदार, चन्दना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू शामिल हैं. वहीं, वार्ड सदस्य पद से दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है. वार्ड संख्या 02 से सुलेखा रानी दास और वार्ड संख्या 09 से तानिया असगर ने अपना नामांकन वापस लिया.
चाकुलिया नगर पंचायत में अब कुल 40 प्रत्याशी वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ेंगे. अब चुनाव प्रचार में तेजी आएगी और मतदाता प्रत्याशियों के बीच सीधे मुकाबले देखेंगे.