Seraikela News: सरायकेला जिले के चांडिल क्षेत्र में मानव तस्करी और बाल शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर लाया गया और उससे भीख मंगवाने का आरोप है। महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शारदा प्रसाद उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के सिंझौली गांव का रहने वाला है। वह अपने बेटे की नाबालिग प्रेमिका को बहला-फुसलाकर चांडिल लाया था और उससे जबरन भीख मंगवाता था। आरोप है कि उसने कई बार नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया, हालांकि वह सफल नहीं हो सका।
इस मामले की जानकारी स्थानीय व्यक्ति लक्ष्मण मंडल ने बाल संरक्षण विभाग को दी। सूचना मिलते ही बाल संरक्षण पदाधिकारी चांडिल पहुंचे और नाबालिग को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया। इसके बाद महिला थाना सरायकेला में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
महिला थाना प्रभारी कुमारी तिलोतमा ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़ित नाबालिग को आवश्यक संरक्षण, परामर्श और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह के मानव तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी।