Chaibasa: चाईबासा शहर के व्यस्त मंगलहाट इलाके में शुक्रवार को अचानक हुए एक हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां एक पुराने और जर्जर भवन का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। इस अप्रत्याशित घटना में सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वहां से गुजर रहा एक राहगीर इसकी चपेट में आकर घायल हो गया।
लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल की मदद
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति की मदद की और उसे प्राथमिक उपचार दिलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह छज्जा काफी समय से खराब हालत में था और कभी भी गिर सकता था, लेकिन इस ओर न तो भवन मालिक और न ही प्रशासन ने ध्यान दिया।
हादसा ज्यादा गंभीर हों सकता था
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलहाट परिसर के कई हिस्से बेहद जर्जर स्थिति में हैं। कमजोर और पुराने निर्माण के कारण यहां हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। गनीमत रही कि जिस समय छज्जा गिरा, उस वक्त वहां ज्यादा भीड़ नहीं थी। यदि यह हादसा थोड़ी देर बाद होता, तो नुकसान कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।
लोगों ने की प्रशासन से मांग
घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मंगलहाट क्षेत्र की तकनीकी जांच कराई जाए और जो भी ढांचे खतरनाक स्थिति में हैं, उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।
नगर निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।