Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-07

Koderma News: कोडरमा से एक साथ 10 बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस जांच में जुटी

Koderma: कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत खरियोडीह पंचायत के गड़ियाई बिरहोर टोला से एक साथ 10 बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से बच्चों के परिजन बहुत ही परेशान हैं और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

10 बच्चे उनके साथ वापस नहीं आए
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय मुखिया राजेंद्र यादव ने बताया कि 1 फरवरी की रात गड़ियाई बिरहोर टोला के कई लोग परसाबाद में आयोजित एक श्राद्धकर्म में भोज खाने गए थे। भोज के बाद जब सभी लोग अपने गांव लौटे, तो उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि उनके 10 बच्चे उनके साथ वापस नहीं आए हैं।

पुलिस को दी गई बच्चों की लापता होने की जानकारी
परिजनों ने पहले अपने स्तर से बच्चों की खोजबीन की, लेकिन जब काफी तलाश के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तब अगले दिन इस घटना की सूचना मुखिया को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया राजेंद्र यादव ने तत्काल जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को बच्चों के लापता होने की जानकारी दी।

BDO को बताया गया पूरा मामला 
हालांकि, आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर जयनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मुखिया को ही बच्चों की खोजबीन करने की सलाह दे दी। इसके बाद मुखिया राजेंद्र यादव ने स्वयं हरसंभव प्रयास कर बच्चों को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जयनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) गौतम कुमार को पूरे मामले से अवगत कराया।

बीडीओ को सूचना मिलने के बाद मामला जिले के वरीय अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार पुलिस बल के साथ गड़ियाई बिरहोर टोला पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।

वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी गई है।

प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि गड़ियाई बिरहोर टोला के कुछ बच्चों के लापता होने की सूचना मिली है। परिजनों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि 1 फरवरी को वे परसाबाद श्राद्ध भोज में शामिल होने आए थे और घर लौटते समय बच्चे लापता हो गए।

बच्चों ने गलती से उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली 
उन्होंने बताया कि गड़ियाई बिरहोर टोला के लोग आमतौर पर परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतरकर अपने गांव आते-जाते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों ने गलती से उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली हो, जिससे वे धनबाद की ओर चले गए हों।

डीएसपी ने कहा कि परसाबाद स्टेशन के दोनों ओर स्थित रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं और पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

फिलहाल, बच्चों की सलामती को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं और पूरे गांव की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !