Jamshedpur: पर्यटन को मजबूती देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने शनिवार को दलमा में कई विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दलमा वन क्षेत्र में पांच नए अत्याधुनिक सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से रवाना किया।
दलमा की पर्यटन पहचान और होगी मजबूत
इन नए सफारी वाहनों के शामिल होने से अब पर्यटकों को पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित, सुविधाजनक और रोमांचक सफारी अनुभव मिलेगा। आधुनिक तकनीक और बेहतर सुरक्षा मानकों से लैस ये वाहन वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे दलमा की पर्यटन पहचान और मजबूत होगी।
रेस्टोरेंट का भी होगा निर्माण
इसके अलावा पर्यटन मंत्री ने पिंडराबेरा में बनने वाले नए रेस्ट हाउस के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। प्रस्तावित रेस्ट हाउस को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें कुल 15 सुसज्जित कमरे बनाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक आरामदायक ठहराव का आनंद ले सकें। साथ ही, पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां एक रेस्टोरेंट का भी निर्माण किया जाएगा, जहां गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था होगी।
रोजगार के नए अवसर भी होंगे सृजित
मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से न केवल दलमा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सरकार का उद्देश्य है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए।