Ranchi News: रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के दूसरे दिन शनिवार को भी पुलिस और बम स्क्वायड की टीम ने पूरे न्यायालय परिसर की सघन सुरक्षा जांच की. जिला जज, सीजेएम समेत तमाम न्यायिक अधिकारियों के आवासीय व कार्यालय भवनों की तलाशी ली गई. हालांकि जांच में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
सुरक्षा घेरे में रहा पूरा परिसर
धमकी के बाद से कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की कड़ी नजर है. संदेह होने पर तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है. मुख्य द्वारों और संवेदनशील हिस्सों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
ई-मेल से दी गई थी धमकी
शुक्रवार को सिविल कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदेश भेजकर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इस सूचना के मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की गई.
एक ही आईडी से कई जिलों को धमकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस ई-मेल आईडी से रांची सिविल कोर्ट को धमकी दी गई, उसी आईडी से बिहार के कैमूर सहित अन्य जिलों के महत्वपूर्ण संस्थानों को भी धमकी भेजी गई थी. पुलिस आईपी एड्रेस के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, हालांकि अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है.
प्रशासनिक अमले में चिंता
न्यायालय जैसे संवेदनशील संस्थान को निशाना बनाए जाने की धमकी ने प्रशासनिक अमले और आम नागरिकों में चिंता बढ़ा दी है. लगातार दूसरे दिन हुई सघन जांच इस बात को रेखांकित करती है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा रही है.