Dhanbad News: धनबाद जिले के झरिया अंतर्गत लोदना ओपी क्षेत्र के मधुबन 40 नंबर धोड़ा स्थित मुखिया मोहल्ला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है. मां की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मां का आरोप: घरेलू कलह के बाद हुई वारदात
बच्चे की मां मुस्कान ने लोदना ओपी में लिखित शिकायत देकर बताया कि पति के साथ अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. शुक्रवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था. इसके बाद उसने बच्चे को दूध पिलाकर सुला दिया. कुछ देर बाद जब वह उठी तो देखा कि बच्चे की हालत बिगड़ चुकी थी और उसकी नाक से खून बह रहा था.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों की मदद से बच्चे को पहले झरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए उसे एसएनएमएमसीएच, धनबाद रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुस्कान का आरोप है कि झगड़े के बाद जब सभी लोग सो गए थे, उसी दौरान उसके पति ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलते ही लोदना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लोदना ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि महिला ने पति पर अपने दो माह के पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. इस घटना से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. मासूम की मौत ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.