Jamshedpur News: आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में 07 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में भव्य ग्रेजुएशन नाइट का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सीसीए कोऑर्डिनेटर तनुश्री साहा ने की. आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा को सम्मान देना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देना था.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक शम्भू नाथ महतो एवं संध्या महतो, अध्यक्ष सुखदेव महतो, श्रीनाथ विश्वविद्यालय के डीन जे. राजेश, विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह, प्रबंधन समिति की सदस्य अनिता महतो, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई.
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा. कार्यक्रम में भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला.
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है और उन्हें अपने ज्ञान, संस्कार और परिश्रम से समाज व देश का नाम रोशन करना चाहिए. वहीं सीनियर कोऑर्डिनेटर श्वेता गुहा राय ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सफल जीवन की कामना की.
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. यह ग्रेजुएशन नाइट छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भावनाओं से भरा और प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ, जो विद्यार्थियों की स्कूल जीवन की यादों में हमेशा खास रहेगा.