विरोध देख गिरे अपराधी, फिर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला एक शादी समारोह में शामिल होने रांची आई थीं और अपने पति के साथ खरीदारी करने बरियातू गई थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनकी चेन छीनने का प्रयास किया। महिला ने हार मानने के बजाय गजब का साहस दिखाया और स्नैचरों से भिड़ गईं।
महिला के इस कड़े विरोध के कारण अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। खुद को घिरता देख एक अपराधी ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग के बाद अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, डमी हथियार का दावा
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की करतूत साफ देखी जा सकती है। बरियातू थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों के पास डमी हथियार था और उसमें रबर की गोलियां थीं। हालांकि, सरेआम इस तरह की घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है।
कानून व्यवस्था पर उठते सवाल
हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक अनुभव के बावजूद पीड़िता ने अब तक मामले में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन इस घटना ने रांची की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेराह फायरिंग और स्नैचिंग की कोशिश यह दर्शाती है कि अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है।