Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-10

Jamtara Police: जामताड़ा में साइबर ठगों की दुस्साहस, एसपी को ही लगाया फोन, पुलिस ने चार अपराधियों को दबोचा

Jamtara: जामताड़ा जिले में साइबर अपराधियों की गतिविधियाँ लगातार गंभीर रूप लेती जा रही हैं। ताजा मामले में साइबर ठगों की हिम्मत इस कदर बढ़ गई कि उनकी नजर जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के बैंक खातों पर जा टिकी। मंगलवार को जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी राजकुमार मेहता ने खुद मीडिया को बताया कि उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा फोन किया गया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए YONO SBI ऐप में तकनीकी समस्या का हवाला दिया और ऐप चालू कराने के नाम पर ठगी करने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्कता बरतते हुए एसपी इस ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।

इस घटना के बाद एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए YONO SBI ऐप के नाम पर ठगी करने वाले चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनुडीह पेट्रोल रोड के समीप बॉस झुंड में उस समय की गई, जब आरोपी ठगी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तार अपराधियों में इब्राहिम अंसारी (ग्राम पांडेडीह, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह), हुसैन अंसारी (उम्र 26 वर्ष, पिता मारूं बकसू मिया), शाकिर अंसारी उर्फ लालू (पिता शाहिद मियां) और सिराज अंसारी (पिता शाहिद मियां) शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकृति बयान में स्वीकार किया कि वे सभी YONO SBI ऐप चालू कराने के नाम पर लोगों को ठगते थे। एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जामताड़ा जिले के नारायणपुर और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र से सक्रिय साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर देशभर में लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है और मामले की जानकारी संबंधित बैंक को भी दी जाएगी, ताकि भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

एसपी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए लिंक या ऐप फाइल को बिल्कुल भी न खोलें, क्योंकि ऐसा करने से आपका बैंक खाता पूरी तरह खाली हो सकता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल की तुरंत सूचना पुलिस को देने की भी अपील की।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !