Latehar Big News: लातेहार पुलिस ने बालूमाथ थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी आदेश गंझू सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, टीएसपीसी संगठन से जुड़े दस्तावेज और दो स्पोर्ट्स बाइक बरामद की हैं. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
सूचना के आधार पर बनी रणनीति
एसपी कुमार गौरव को यह जानकारी मिली थी कि आदेश गंझू अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और तुरंत कार्रवाई का फैसला लिया गया.
पाकरुआ जंगल में घेराबंदी
पुलिस टीम ने बनवार गांव के पाकरुआ जंगल क्षेत्र में सुनियोजित ढंग से घेराबंदी की और वहां मौजूद तीनों अपराधियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियारों से लैस थे और किसी बड़ी घटना की फिराक में थे.
ये हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में 22 वर्षीय आदेश गंझू, 22 वर्षीय उज्जवल कुमार और 21 वर्षीय सुभाष कुमार शामिल हैं. तीनों चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम की 10 जिंदा गोलियां, 25 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, टीएसपीसी संगठन का पर्चा व दस्तावेज/डायरी तथा दो स्पोर्ट्स बाइक (पल्सर एनएस और पल्सर आरएस) बरामद की हैं.
आपराधिक गतिविधियों का इतिहास
पुलिस के अनुसार, आदेश गंझू बालूमाथ, बारियातू और चंदवा (लातेहार) के अलावा चतरा सहित अन्य जिलों में टीएसपीसी और जेजेएमपी संगठन के नाम पर लेवी वसूली, फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है. पूर्व में भी कई मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है.
लगातार आपराधिक घटनाओं से डरे स्थानीय लोगों के लिए यह गिरफ्तारी राहत का संदेश लेकर आई है. क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ने की उम्मीद जगी है.