Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी और मारपीट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 28 वर्षीय लखन गोप उर्फ बावला को पुलिस ने दबोचकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना 29 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। कपाली डोबो निवासी जगबंधु सिंह उर्फ कलटू सिंह (लगभग 50 वर्ष) से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जब उन्होंने रकम देने से इनकार किया तो उनके साथ जमकर मारपीट की गई। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
वारदात के बाद से था फरार
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ओडिशा के पुरी में छिपा हुआ है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पहले आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
ससुराल आने की सूचना पर बिछाया गया जाल
हाल ही में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झीमड़ी गांव स्थित अपने ससुराल आने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी।
बताया जाता है कि ससुराल से वह जमशेदपुर के सोनारी स्थित अपने घर पहुंचा। पहले से घात लगाए पुलिस दल ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
छापेमारी टीम में कई अधिकारी रहे शामिल
गिरफ्तारी अभियान में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।