पाकिस्तानी गेंदबाजों पर भारी पड़े भारतीय बल्लेबाज
मैच की शुरुआत पाकिस्तान के टॉस जीतने और पहले गेंदबाजी करने के फैसले के साथ हुई। हालांकि, भारत ने बोर्ड पर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। भारतीय बल्लेबाजों ने कोलंबो की पिच पर संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया, जिससे पाकिस्तान के सामने एक पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा हो गया।
हार्दिक और बुमराह का घातक स्पैल, शुरुआत में ही टूटी पाक की कमर
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। पारी का आगाज करने आए साहिबजादा फरहान और सैम अयूब भारतीय गेंदबाजी के सामने बेबस नजर आए।हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। हार्दिक का यह ओवर मेडन रहा, जिसने मैच की लय तय कर दी। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने अपना कहर बरपाया। उन्होंने सैम अयूब (6 रन) और फिर पाक कप्तान सलमान को एक ही ओवर में चलता कर पाकिस्तान का स्कोर 13 रन पर 3 विकेट कर दिया।
अक्षर और कुलदीप की फिरकी में उलझा पाकिस्तान
शुरुआती झटकों के बाद बाबर आजम से उम्मीदें थीं, लेकिन अक्षर पटेल ने 5वें ओवर में बाबर (5 रन) को बोल्ड कर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पावरप्ले के बाद पाकिस्तान का स्कोर 38/4 था। इसके बाद उस्मान खान (44 रन) और शादाब खान (14 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की और 39 रनों की साझेदारी की।
लेकिन भारतीय स्पिनर्स ने बीच के ओवरों में शिकंजा कस दिया अक्षर पटेल ने उस्मान खान को आउट कर खतरनाक दिख रही साझेदारी को तोड़ा। कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज (4 रन) को अपना शिकार बनाया। तिलक वर्मा ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर शादाब खान का विकेट लेकर मैच पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया। वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री और हार्दिक का फिनिशिंग टच मैच के अंतिम क्षणों में वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया। 16वें ओवर में उन्होंने फहीम अशरफ और अबरार को लगातार गेंदों पर आउट कर पाकिस्तान की पारी का अंत करीब ला दिया। अंततः हार्दिक पांड्या ने आखिरी विकेट चटकाकर पाकिस्तान की पूरी टीम को 114 रनों पर समेट दिया। इस जीत ने न केवल करोड़ों भारतीय प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया है, बल्कि टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए टीम इंडिया के बुलंद इरादों का संकेत भी दे दिया है।