Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-16

Jamshedpur DC Inspection : लायलम में उपायुक्त का जनसंवाद, जर्जर बिजली तार से लेकर पीडीएस शिकायत तक त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लायलम पंचायत में जिला प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली, जब उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने नुतनडीह एवं मुदीडीह गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा स्थानीय समस्याओं की जमीनी हकीकत जानी।


उपायुक्त ने विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्र सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


ग्रामीणों ने जर्जर बिजली तारों को बदलने, बढ़ती आबादी को देखते हुए उच्च क्षमता ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा शौचालय योजना के चार लाभुकों को लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराने की मांग उठाई। इसके अलावा झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के लाभुकों के ई-केवाईसी और सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने का मुद्दा भी सामने आया। पीडीएस दुकानदार द्वारा कम खाद्यान्न वितरण की शिकायत पर उपायुक्त ने जांच कर आवश्यक होने पर लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया।

लायलम पंचायत में आधार सीडिंग के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र कैंप आयोजित करने को कहा गया। वहीं डिमना लेक के विस्थापित परिवारों ने मत्स्य पालन के माध्यम से आजीविका के लिए सहयोग की मांग की। इस पर उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी को निर्देशित किया कि इच्छुक परिवारों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार उपलब्ध कराया जाए।

उपायुक्त ने दोहराया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो। सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !