Jamshedpur: मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को पांच दिवसीय उन्नत उद्यानिकी प्रशिक्षण के लिए नोएडा रवाना किया गया। किसानों को समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने हरी झंडी दिखाकर बस से रवाना किया। आगे की यात्रा किसान ट्रेन के माध्यम से करेंगे। इस मौके पर जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय बागवानी तकनीकि संस्थान में होगा प्रशिक्षण
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय बागवानी तकनीकि संस्थान, नोएडा में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों, उन्नत उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, संरक्षित खेती, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है।
उत्पादन और आय वृद्धि पर रहेगा फोकस
जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे अपने खेतों में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।