अभियान के दौरान वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन की चाबी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सामुदायिक भवन आम जनता के उपयोग के लिए बना है, लेकिन इसकी चाबी नगर निगम के पास होने के कारण जरूरतमंदों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती और महंगी दर पर उपलब्ध होता है। इस कारण सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रत्याशी किरण देवी ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि सामुदायिक भवन जनता की संपत्ति है और आम जनों के सहयोग से निर्मित है और इसका उपयोग सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो सामुदायिक भवन की चाबी वापस कमिटी को दिलवाया जाएगा और इसका उपयोग व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।
जन संवाद अभियान के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। स्वच्छता, सड़क मरम्मत, पानी निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। किरण देवी ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि वार्ड 31 का समग्र विकास है।
अभियान में स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखी गई और कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत भी किया। वार्ड 31 में सामुदायिक भवन की चाबी का मुद्दा अब चुनावी चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।