Jamshedpur: कोल्हान क्षेत्र के स्वास्थ्य क्षेत्र में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। मानगो डिमना चौक स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सातवें तल्ले पर 12 बेड वाले विशेष कैंसर वार्ड का विधिवत उद्घाटन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।
कोल्हान का पहला सरकारी कैंसर केंद्र
यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि कोल्हान क्षेत्र के किसी भी सरकारी अस्पताल में अब तक कैंसर के नियमित उपचार की व्यवस्था नहीं थी। इस सुविधा के शुरू होने से अब गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
इलाज के लिए नहीं जाना होगा रांची
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब तक कैंसर के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया जाता था। इस भागदौड़ में न केवल इलाज में देरी होती थी, बल्कि मरीजों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता था। अब एमजीएम में ही कैंसर की जांच और उपचार संभव होगा, जिससे झारखंड के साथ-साथ ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
उपलब्ध सुविधाएं और मेडिकल टीम
अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि नए वार्ड में निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध होंगी मरीजों को नियमित कीमो की सुविधा मिलेगी। पैथोलॉजी जांच, कैंसर से संबंधित विशेष रक्त और ऊतक जांच। वार्ड के लिए 8 विशेष रूप से प्रशिक्षित नर्सों की तैनाती की गई है। आंकोलॉजिस्ट डॉ. गुंजेश कुमार के नेतृत्व में मेडिसिन, सर्जरी और गायनिक विभाग के डॉक्टर मिलकर उपचार करेंगे।
भविष्य की योजनाएं
उद्घाटन समारोह में डॉ. नकुल चौधरी, डॉ. शिखा रानी और डॉ. उमाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में मरीजों की संख्या बढ़ती है, तो 12 बेड की इस क्षमता को और अधिक विस्तार दिया जाएगा।