Jharkhand News: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए झारखंड और पश्चिम बंगाल पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है. चुनाव के दौरान सीमावर्ती इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से 20 फरवरी को दोपहर 1 बजे एक अहम अंतरराज्यीय समन्वय बैठक बुलाई गई है.
बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित
यह बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होगी. इसमें झारखंड के आईजी ऑपरेशन के साथ रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, साहिबगंज, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, सरायकेला और रामगढ़ जिले के एसएसपी और एसपी शामिल होंगे. पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा रेंज के आईजी के आग्रह पर झारखंड डीजीपी कार्यालय ने इस बैठक को लेकर आदेश जारी किया है.
नोडल अधिकारियों की तैनाती पर निर्णय
बैठक में कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. दोनों राज्यों के बीच रियल-टाइम खुफिया सूचना साझा करने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती पर निर्णय लिया जाएगा.
सीमावर्ती इलाकों में नक्सल गतिविधियों की समीक्षा कर संयुक्त रणनीति तैयार की जाएगी. इसके अलावा अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब और नकदी की तस्करी रोकने के लिए बॉर्डर पर मिरर इमेज चेक पोस्ट सक्रिय करने की योजना पर भी विचार होगा.
पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाने पर भी चर्चा
अंतरराज्यीय अपराधियों, फरार वारंटियों और हिस्ट्रीशीटर्स की सूची साझा कर उनके खिलाफ संयुक्त कार्रवाई और छापेमारी की रणनीति बनाई जाएगी. संवेदनशील सीमावर्ती जंगल क्षेत्रों में दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाने पर भी चर्चा होगी.
मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की आवाजाही को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए विशेष व्यवस्था पर विचार किया जाएगा. इसके साथ ही चुनाव को प्रभावित करने वाले अन्य स्थानीय सुरक्षा मुद्दों पर भी बैठक में मंथन किया जाएगा.
इस समन्वय बैठक को चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.