Jamshedpur: जमशेदपुर में टाटा स्टील के संस्थापक दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह आयोजन 3 मार्च को मनाया जाएगा। इसके मद्देनजर जुबली पार्क में सजावट और व्यवस्थाओं का काम शुरू कर दिया गया है। 21 फरवरी से 7 मार्च तक पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान केवल आयोजन से जुड़े कार्य ही किए जाएंगे।
सौंदर्यीकरण और विद्युत सज्जा का कार्य जारी
पार्क परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी थीम आधारित रोशनी की सजावट की जाएगी। पूरे पार्क में एलईडी लाइटिंग, सजावटी फव्वारे और विशेष प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए बैरिकेडिंग भी की जा रही है।
2 मार्च से शुरू होगी लाइटिंग, उसी दिन टेस्टिंग
जानकारी के अनुसार 2 मार्च से पार्क में लाइटिंग शुरू कर दी जाएगी। इसी दिन रोशनी की टेस्टिंग भी होगी, जिसमें कंपनी के अधिकारी मौजूद रहेंगे। 2 मार्च की शाम से पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, ताकि लोग सजावट और रोशनी का आनंद ले सकें।
होली के दिन बंद रहेगी लाइटिंग
4 मार्च को होली के अवसर पर सुरक्षा कारणों से विद्युत सज्जा बंद रहेगी। इसके बाद 5 और 6 मार्च को फिर से रोशनी की व्यवस्था चालू कर दी जाएगी। 7 मार्च तक लोग लाइटिंग देख सकेंगे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम
संस्थापक दिवस के मौके पर जमशेदपुर के अलावा आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग जुबली पार्क पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ट्रैफिक पुलिस को पार्क के आसपास तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और गोल चक्करों को भी सजाने की योजना है।