Jugsalai Municipal Election: जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद चुनाव का पारा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब बीजेपी की प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने खुद कमान संभाल ली. जुगसलाई की सड़कों पर उतरे नेता ने अपने चिरपरिचित अंदाज में एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगे.
फूलों की बारिश और समर्थकों का जोश
गिरिराज सिंह का रोड शो प्रदीप मिश्रा चौक से शुरू होकर बाटा चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक चला. इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. लोग छतों पर खड़े लोग केंद्रीय मंत्री और प्रत्याशी पर फूलों की बारिश कर रहे थे. गिरिराज सिंह ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और रिंकू सिंह को वोट देकर विजयी बनाने की अपील की. रोड शो के दौरान बीजेपी जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा और पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और चुनावी माहौल
पूरे जुगसलाई क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच यह रोडशो आगे बढ़ा. आगे-आगे पुलिस का सुरक्षा घेरा और पीछे समर्थकों का कारवां चुनावी फिजा में रिंकू सिंह की दावेदारी को मजबूती देता दिखा. गिरिराज सिंह की मौजूदगी ने न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि जुगसलाई की चुनावी जंग को अब सीधे तौर पर प्रतिष्ठा की लड़ाई बना दिया है.