Jharkhand Vidhansabha: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला को सरकारी कॉलेज का दर्जा देने की मांग उठाई. पूर्वी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह एकमात्र अनुदानित डिग्री कॉलेज है, जो पिछले 32 वर्षों से उच्च शिक्षा का केंद्र बना हुआ है. विधायक की इस पहल के बाद पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के ग्रामीणों, छात्रों और अभिभावकों में बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है.
उच्च शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
इस कॉलेज की स्थापना 1993 में स्थानीय बुद्धिजीवियों द्वारा विशेषकर महिला शिक्षा और पिछड़े वर्ग के छात्रों को ध्यान में रखकर की गई थी. वर्तमान में यहां विज्ञान, मानविकी और समाज विज्ञान संकाय के 17 विषयों में पढ़ाई होती है. कॉलेज को नैक (NAAC) से B ग्रेड प्राप्त है और यह यूजीसी के मानकों को भी पूरा करता है. सरकारीकरण होने से यहां स्नातकोत्तर (PG) और बीएड जैसे प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा, जिससे निर्धन मेधावी छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा.
विधायक मंगल कालिंदी के इस कदम की सराहना करते हुए कॉलेज के सचिव चंद्रशेखर टुडू, प्राचार्य कृष्णपद महतो और समस्त शैक्षणिक स्टाफ ने उन्हें धन्यवाद दिया है. स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि सरकारी कॉलेज बनने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधरेगा और छात्रों को सरकारी सुविधाओं के साथ बेहतर बुनियादी ढांचा मिल सकेगा. कॉलेज लंबे समय से सरकार के सभी मापदंडों को पूरा कर रहा है, ऐसे में इस मांग ने अब जोर पकड़ लिया है.