East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम जिले में "प्रोजेक्ट उल्लास" के तहत मिर्गी से प्रभावित लोगों के लिए निःशुल्क जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर घोड़ाबांधा, गदरा और सुंदरनगर में आयोजित इन शिविरों में कुल 120 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यकतानुसार उन्हें परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
घोड़ाबांधा शिविर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
घोड़ाबांधा स्थित शिविर का उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके अनुभवों की जानकारी ली और चिकित्सकों द्वारा दिए गए निर्देशों का नियमित पालन करने के लिए प्रेरित किया।
मरीजों ने शिविर के आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जागरूकता पर भी दिया जा रहा है विशेष जोर
जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य केवल जांच और दवा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मिर्गी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को वैज्ञानिक उपचार के प्रति जागरूक करना भी है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को प्राथमिक उपचार, सावधानियों और नियमित दवा सेवन के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि बीमारी को नियंत्रित किया जा सके और मरीज सामान्य जीवन जी सकें।
पोटका प्रखंड में दो दिवसीय शिविर का आयोजन
उपायुक्त के निर्देशानुसार 22 और 23 फरवरी को पोटका प्रखंड में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि परिवार या आसपास किसी व्यक्ति को मिर्गी की समस्या है, तो उन्हें शिविर में लाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाएं।
22 फरवरी 2026 (रविवार)
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आसनबनी - सुबह 8:00 से 10:00 बजे
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कालिकापुर - सुबह 11:00 से 1:00 बजे
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शंकरदा - दोपहर 2:00 से 5:00 बजे
23 फरवरी 2026
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हरिना - सुबह 11:00 से 1:00 बजे
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्दीपोखर - दोपहर 2:00 से 5:00 बजे